बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में छह साल की बच्ची की जान चली गई। मृत बच्ची की पहचान गौरी के रूप में हुई है।
यह दर्दनाक हादसा झंझारा-मोहम्मदपुर खाला सड़क पर स्थित जयसिंहपुर गांव के पास हुआ। यह घटना सुबह करीब 6:00 बजे राजेंद्र प्रसाद गोल्ड स्टोर के पास घटी।
हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत
गौरी के पिता राजू मांझी बिहार के नवादा जिले के बट्टा गांव के रहने वाले हैं। वह एक प्रवासी मजदूर हैं और करीब 20 दिन पहले ही बाराबंकी आए थे।
जानकारी के मुताबिक, गौरी शौच से वापस लौट रही थी, तभी उसे एक तेज रफ्तार ऑटो-रिक्शा ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और वाहन की जब्ती
हादसे की सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर खाला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो-रिक्शा जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP 41 CT 1774 है, उसे जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस घटना के संबंध में कानूनी कार्यवाही की जा रही है।









