रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
मलखे बाबा के पास बेखौफ चल रहा मिट्टी का कारोबार, पोकलैंड से हो रही खुदाई; शिकायतों के बावजूद कार्रवाई पर सवाल
रामनगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र में रामनगर से बिछलखा जाने वाले मार्ग पर मलखे बाबा स्थान के निकट कथित अवैध मिट्टी खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक कई दिनों से यहां पोकलैंड मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई की जा रही है और डंपरों के जरिए मिट्टी का कारोबार किया जा रहा है।हैरत की बात यह है कि खनन का समय भी कथित तौर पर इस तरह तय किया गया है कि अधिकारियों की नजर से बचा जा सके। कार्यालय समय में खुदाई बंद रहती है, जबकि सुबह-शाम पोकलैंड मशीनें गरजती नजर आती हैं। आरोप है कि मिट्टी खनन के लिए कोई वैध परमिट भी नहीं लिया गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे खनन कारोबारियों के हौसले बढ़े हुए हैं। यदि बिना अनुमति खनन की पुष्टि होती है तो इससे राजस्व को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।मलखे बाबा स्थान के आसपास खुलेआम चल रही खुदाई ने जिम्मेदार विभागों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मौके की जांच कराकर खनन बंद कराने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
























