रसोइयों को मिलीं 4 सौगातें, जताया आभार बाराबंकी,। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में रसोइया सम्मान समारोह, कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख पुष्पार्चन कर एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान सभागार में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, मानदेय में 1,000 की वृद्धि, यूनिफॉर्म की धनराशि में 500 की बढ़ोतरी तथा रुपए 2 लाख के दुर्घटना बीमा सहित विभिन्न कल्याणकारी सुविधाओं की घोषणा की गयी। रक्षाबंधन पर्व से पूर्व मुख्यमंत्री की घोषणा व संबोधन सुनकर उपस्थित रसोइयों ने तालियां बजाकर प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्यमंत्री के सजीव प्रसारण उपरांत जनपद की रसोइया सुशीला देवी, निर्मला देवी, मालती देवी, ममता देवी व कल्पना मिश्रा सहित 10 रसोइया को प्रतीकात्मक कैशलेस कार्ड मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने वितरित किए।इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा से उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, जबकि मानदेय में वृद्धि से आर्थिक राहत मिलेगी।मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराया जाना रसोइयों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने रसोइयों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने कहा कि रसोइया विद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। बच्चों को समय से स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में उनका योगदान सराहनीय है। विभाग रसोइयों की समस्याओं और सुविधाओं के प्रति निरंतर संवेदनशील है। कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बढ़े हुए मानदेय से उन्हें निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।कार्यक्रम में डायट प्रवक्ता इंदिरा देवी, खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, फिजा मिर्जा व अर्चना यादव, जिला समन्वयक पीएम पोषण डॉ. पीयूष श्रीवास्तव, विनीता मिश्रा, अमित श्रीवास्तव, पुनीत त्रिपाठी, पंकज कुमार वर्मा, मंच संचालक सुभाष तिवारी एवं राजेंद्र त्रिपाठी सहित दिलीप तिवारी, दिवाकर, ऋषि टंडन, मनोज चौधरी, सुरेंद्र जायसवाल, विपिन कुमार, सूर्य प्रकाश वर्मा, पुनीत शर्मा आदि उपस्थित रहे।