सिरौलीगौसपुर में 5 परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण, मचा हड़कंप !
रिपोर्ट:- नारद संवाद
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में 14 अगस्त 2026 को जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों का व्यापक एवं सघन स्थलीय निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के आदेश पर गठित ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स के प्रत्येक सदस्य को कम से कम पांच विद्यालयों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इसी अभियान के तहत सिरौलीगौसपुर ब्लॉक के डूंडी, चकदाहेपुर, दुर्जनपुर, मौलाबाद और पंजरौली स्थित परिषदीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। टीम ने विद्यालयों में व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण टीम में डॉ. देव प्रताप सिंह सहित प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य सदस्य मौजूद रहे।
शिक्षक उपस्थिति, मिड-डे मील और कायाकल्प पर रही खास नजर
निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र नामांकन, मिड-डे मील की व्यवस्था तथा विद्यालयों में कायाकल्प के कार्यों को प्रमुखता से जांचा गया। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस औचक निरीक्षण अभियान से शिक्षा विभाग एवं विद्यालय स्टाफ में हड़कंप की स्थिति रही।