रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर, बाराबंकी। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। ग्राम तपेसिपाह के पास संजय सेतु और रेलवे पुल के निकट नदी किनारे तेज कटान ने खतरा बढ़ा दिया है। इसके बावजूद शाम होते ही संजय सेतु के आसपास सेल्फी लेने वालों की भीड़ उमड़ रही है। युवा ही नहीं, महिलाएं और छोटे बच्चे भी जान की परवाह किए बिना कटान वाले स्थानों पर नदी के बिल्कुल किनारे पहुंच रहे हैं।स्थानीय लोगों के मुताबिक सरयू का कटान बेहद खतरनाक रूप ले चुका है। नदी किनारे की मिट्टी नीचे से कई मीटर तक कट जाने के बाद अचानक पूरी करार नदी में समा जाती है। ऐसे में किनारे खड़े व्यक्ति को संभलने तक का मौका नहीं मिलता। इसके बावजूद लोग कटान वाले स्थानों पर बैठकर फोटो खिंचवाते और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं।बढ़ते जलस्तर और तेज कटान के बीच यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कटान वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने, पुलिसकर्मियों की तैनाती करने और लोगों को नदी किनारे जाने से रोकने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो सेल्फी का यह जुनून किसी की जान पर भारी पड़ सकता है।
























