
रिपोर्ट/राजेश कुमार त्रिवेदी
रामनगर (बाराबंकी)।बाराबंकी के रामनगर ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम योजना 2026-27 के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय किसान गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अंगद कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख संजय कुमार तिवारी रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मक्का की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा सरकार द्वारा संचालित किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की। विशेषज्ञों ने किसानों को मक्का की उन्नत प्रजातियों, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, सिंचाई प्रबंधन तथा उत्पादन बढ़ाने की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी। किसानों ने विशेषज्ञों से खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका विस्तार से समाधान किया गया।
मुख्य अतिथि एमएलसी अंगद कुमार सिंह ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। पहले किसानों को आर्थिक तंगी के कारण फसल तैयार होते ही साहूकारों को उपज बेचनी पड़ती थी, लेकिन आज सरकार की विभिन्न योजनाओं, सहकारी व्यवस्था और आधुनिक तकनीकों के कारण किसानों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों का सामना वैज्ञानिक खेती और नई तकनीक अपनाकर ही किया जा सकता है। उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को अपने खेतों में अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख संजय कुमार तिवारी ने कहा कि किसान समृद्ध होगा तभी प्रदेश और देश समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से देश का अन्न विदेशों तक पहुंच रहा है। इसलिए किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज और नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ानी चाहिए।
कार्यक्रम में मत्स्य पालक विकास अभिकरण बाराबंकी, कृषि विभाग, राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (निःशुल्क टीकाकरण अभियान), उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम प्रणाम योजना, किसान संगोष्ठी, नवीन खुशहाली किसान सेवा केंद्र सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर किसानों को मत्स्य पालन, पशुपालन, कृषि यंत्रीकरण, उन्नत बीज, सरकारी अनुदान, फसल सुरक्षा तथा अन्य कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों ने स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञों से सलाह ली।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. दलवीर सिंह यादव, इंजीनियर अरुण कुमार व्यास, एडीओ कोऑपरेटिव खुशबू राय, पंचायत सहायक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, रोजगार सेवक तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
























