रिपोर्ट/संदीप शुक्ला
रामनगर बाराबंकी। सुप्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेव में 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मास मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मेला व्यवस्थाओं को लेकर उप जिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता एवं तहसीलदार विपुल कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को महादेवा पुलिस चौकी परिसर में व्यापारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।बैठक में ग्राम प्रधान लोधौरा अजय कुमार तिवारी उर्फ राजन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल महादेव इकाई के अध्यक्ष अमित तिवारी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने सड़क चौड़ीकरण के लिए खोदे गए गड्ढों में जलभराव से कारोबार प्रभावित होने तथा दुकान लगाने के स्थान पर टीन शेड स्थापित करने में आ रही समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।उप जिलाधिकारी ने व्यापारियों को दुकानों में सुरक्षित विद्युत कनेक्शन लगाने, अग्निशमन यंत्र रखने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत पोलों से सुरक्षित दूरी बनाकर दुकानें लगाई जाएं और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण सड़क पर न किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।बैठक के बाद अधिकारियों ने श्रावण मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। महादेवा कॉरिडोर निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए संबंधित संस्था के इंजीनियरों को व्यू कटर, समतलीकरण, बैरिकेडिंग समेत सभी आवश्यक कार्य 25 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सरोवर क्षेत्र में बाढ़ खंड द्वारा कराई जा रही अस्थायी बैरिकेडिंग का भी निरीक्षण किया और मेला प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा।इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश यादव, राजेंद्र अवस्थी, रजनीकांत पांडे, दिलशाद, मोनू, विनोद, भोला, लेखपाल संतोष कुमार वर्मा, अतिरिक्त थाना प्रभारी सुभाष चंद्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे।























