Naradsamvad

[post-views]

पुरुषोत्तम मास के प्रथम सोमवार पर लोधेश्वर धाम में उमड़ी आस्था, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

रिपोर्ट/संदीप शुक्ला

महादेवा, बाराबंकी। पुरुषोत्तम मास के प्रथम सोमवार पर सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तमाम श्रद्धालु दंडवत परिक्रमा करते हुए बाबा लोधेश्वर महादेव के दरबार पहुंचे और जलाभिषेक किया। गंगाजल, फल-फूल और पूजन सामग्री हाथों में लिए श्रद्धालु “हर-हर बम-बम भोले” के जयघोष के साथ मंदिर गर्भगृह में पहुंचे तथा पंक्तिबद्ध होकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वाद मांगा।मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उप जिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह एवं नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी राजस्व कर्मियों के साथ लगातार भ्रमण कर निरीक्षण करते रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत के निर्देशन में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह एवं महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश कुमार पांडे मंदिर प्रांगण और गर्भगृह में मौजूद रहकर श्रद्धालुओं को सुगमता के साथ जलाभिषेक कराते रहे।प्रशासन की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। हालांकि जितनी भीड़ की संभावना जताई जा रही थी, उतनी भीड़ मंदिर परिसर में देखने को नहीं मिली। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग का भी पूरा उपयोग नहीं हो सका, लेकिन सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं पूरी तरह चौकस रहीं।शिव अभरण सरोवर में सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग के साथ जाल लगाया गया था। श्रद्धालुओं के स्नान के लिए सरोवर में स्वच्छ जल भरवाया गया तथा गहरे पानी में न जाने के लिए जगह-जगह संकेतक लगाए गए। वहीं पीएसी की लखनऊ बाढ़ राहत दल की टीम मोटर बोट के साथ सरोवर पर तैनात रही।मंदिर प्रांगण में स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जहां चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाओं का वितरण किया गया।उधर, कॉरिडोर निर्माण के लिए तोड़े गए मकानों की गिट्टियां नंगे पैर जलाभिषेक को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बनी रहीं। बावजूद इसके श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। चिलचिलाती धूप के बीच श्रद्धालु छांव तलाशते हुए भी बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ते नजर आए।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

977398
Total Visitors
error: Content is protected !!