Skip to main content

Naradsamvad

[post-views]

बाराबंकी के लोधेश्वर महादेवा फाल्गुनी मेले को लेकर प्रशासन सख्त, दुकानदारों संग हुई अहम बैठक

 

 

रेट लिस्ट, सफाई, लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था पर दिए गए स्पष्ट निर्देश

रिपोर्ट/चंद्रोदय अवस्थी रामनगर (बाराबंकी)। जनपद बाराबंकी के सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेव में आगामी फाल्गुनी मेला को सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को शाम करीब 4 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक महादेव चौकी स्थित टीन शेड में तहसीलदार रामनगर विपुल सिंह एवं थाना प्रभारी रामनगर अनिल कुमार पांडे की मौजूदगी में संपन्न हुई। बैठक में मेला क्षेत्र में दुकान लगाने वाले सभी दुकानदार, व्यापारी, ग्राम प्रधान तथा क्षेत्र के संभ्रांत लोग शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए तहसीलदार विपुल सिंह ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक दुकानदार अपनी दुकान के सामने रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से लगाए। किसी भी वस्तु के मूल्य को लेकर विवाद न हो, इसके लिए सभी दुकानदार एकदम फिक्स रेट पर ही बिक्री करें। सभी दुकानदारों को अपना आधार कार्ड, फोटो, मोबाइल नंबर एवं दुकान का नाम प्रशासन के पास जमा करना होगा। बिना लाइसेंस के कोई भी दुकान मेला क्षेत्र में नहीं लगाई जाएगी।

उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हर दुकान के सामने डस्टबिन अवश्य रखा जाए और पूरे मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखी जाए। दुकान के सामने नंगे तार न हों तथा किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सड़क पर अतिक्रमण न करने, सरकारी भूमि से हटकर ही दुकान लगाने तथा जहां पुलिस चौकी बनाई जाएगी वहां किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए गए।

खाने-पीने की वस्तुओं में रंग या केमिकल के प्रयोग पर रोक लगाई गई। थाली का रेट ₹100, समोसा ₹10, चाय ₹10, लड्डू ₹60 प्रति किलो एवं रेवड़ी ₹120 प्रति किलो निर्धारित किया गया। थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने दुकानदारों से संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और श्रद्धालुओं की सेवा भक्ति भाव से करने की अपील की।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अजय कुमार तिवारी, प्रधान उस्मान, धर्मेंद्र यादव, पवन सैनी, लेखपाल ओमप्रकाश, संतोष कुमार, गुरशरण, उप निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव, सब इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक रविंद्र सिंह, भाजपा कार्यकर्ता अजय कुमार गुप्ता, कांस्टेबल पुनीत कुमार कुशवाहा, आरक्षी प्रमोद कुमार गुप्ता, विजय भान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1456633
Total Visitors
error: Content is protected !!