Naradsamvad

[post-views]

पत्रकारों की समस्याओं के निस्तारण को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

बाराबंकी। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के बैनर तले पत्रकारों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर रविवार दोपहर सूरतगंज क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक पत्रकार फतेहपुर स्थित कुर्सी विधानसभा के विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा के कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के ग्रामीण पत्रकार अत्यंत कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें सरकार अथवा संस्थानों की ओर से कोई ठोस सुविधा नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन प्रदेश का सबसे बड़ा पत्रकार संगठन है, जिसकी शाखाएं प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जनपदों एवं 551 तहसीलों में गठित होकर सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।जिला महामंत्री दीपक सिंह ‘सरल’ के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों के जीवन स्तर में सुधार एवं उनकी सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। इनमें तहसील स्तर पर पत्रकारों को मान्यता प्रदान किए जाने हेतु आदेश निर्गत किए जाने, पत्रकार हितों की रक्षा के लिए जिला स्तरीय स्थाई समिति की नियमित बैठकें कराए जाने, मंडल मुख्यालय पर मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में तथा तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अस्थाई समिति के गठन की मांग प्रमुख रही।
साथ ही यह भी मांग की गई कि उक्त समितियों में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में सम्मिलित किया जाए। ग्रामीण पत्रकारों को स्वास्थ्य सुविधाओं से आच्छादित करने हेतु आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए जाएं। इसके अतिरिक्त प्रदेश स्तर पर गठित मान्यता समिति के साथ-साथ ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं के अध्ययन एवं समाधान के लिए ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन की भी पुरजोर मांग उठाई गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पत्रकारिता के दायित्वों का निर्वहन करते समय परिस्थितिवश उत्पन्न होने वाले विवादों के मामलों में किसी भी पत्रकार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व किसी सक्षम राजपत्रित अधिकारी से जांच कराए जाने का आदेश जारी किया जाए। इस अवसर पर पत्रकार प्रेम नारायण सिंह, राज बहादुर वर्मा, सत्यवान पाल, शिवम मिश्रा, रुपेश मिश्रा, ओमकार वर्मा, बालेंद्र कुमार ‘निडर’, राजू गोस्वामी, अमित कुमार चौहान, सर्वजीत सिंह, जय प्रकाश रावत सहित एक दर्जन से अधिक कलमकार उपस्थित रहे।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

646592
Total Visitors
error: Content is protected !!