रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर बाराबंकी।बीते शनिवार को पत्नी से हुए विवाद के बाद शराब के नशे में पति द्वारा आत्मदाह करने की घटना में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान लखनऊ ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। मृतक की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी मिलने पर रामनगर कोतवाल ने उसके अंतिम संस्कार की पूरी व्यवस्था कराई है। शव देर रात तक नहीं पहुंच सका था, ऐसे में सोमवार को अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है।थाना रामनगर क्षेत्र में सरयू पुल के पास तपेसिपाह मार्ग पर स्थित मोड़ के पास बने मंदिर के निकट जनपद सिद्धार्थनगर के थाना मिश्रोलिया निवासी 50 वर्षीय खड़बढ़ पिछले करीब तीन माह से अपने परिवार के साथ रहकर जीवन यापन कर रहा था। बताया गया है कि वह शराब का आदी था।बीते शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे खड़बढ़ शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से भोजन की मांग की। भोजन में कमी का आरोप लगाते हुए उसने खाना फेंक दिया और पत्नी से झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ने पर आवेश में आकर उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई।सूचना पर एंबुलेंस बुलाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. आशीष सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।रविवार को कोतवाली प्रभारी को मौत की सूचना मिली। मृतक की अत्यंत कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने अंतिम संस्कार की समस्त व्यवस्था अपने स्तर से कराई। रविवार देर रात तक शव नहीं पहुंच सका था, ऐसे में सोमवार सुबह अंतिम संस्कार कराए जाने की बात कही जा रही है।मृतक की पत्नी नंदरानी ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब का आदी था और नशे में आए दिन मारपीट करता था। घटना के दिन भी वह अत्यधिक नशे में था और विवाद के बाद आवेश में आकर उसने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए भिजवाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।































