वोटर लिस्ट रिवीजन अभियान की जमीनी हकीकत का जायजा लेने के लिए असिस्टेंट चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर अरविंद कुमार पांडेय ने शनिवार को शाहजहांपुर का दौरा किया। उन्होंने जिले के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर रिवीजन कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLOs) और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वोटर लिस्ट को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिमुक्त सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उनके साथ एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट एडमिनिस्ट्रेशन रजनीश कुमार मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट रजनीश कांत और एसडीएम सदर प्रभात राय मौजूद रहे। असिस्टेंट चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर ने कंपोजिट स्कूल हथौरा, शुगरकेन रिसर्च काउंसिल और प्राइमरी स्कूल लालपुर में बने बूथों का निरीक्षण किया।
वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण और सत्यापन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने BLOs से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत मतदाताओं के नाम हटाने, चिन्हित मतदाताओं के सत्यापन और अन्य स्थानों पर रहने वाले मतदाताओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के साथ-साथ ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के निपटारे की प्रगति की भी समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पूरी सावधानी से की जाए। नियमों के अनुसार कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए और अपात्र प्रविष्टियों को हटाया जाना चाहिए। चिन्हित मतदाताओं का सत्यापन भी गंभीरता से किया जाना चाहिए।
असिस्टेंट चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान इसी वोटर लिस्ट के आधार पर होगा, इसलिए सूची का शुद्ध और त्रुटिमुक्त होना बेहद जरूरी है। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए सटीक वोटर लिस्ट प्राथमिक आवश्यकता है, जिसमें BLOs की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इस अवसर पर संबंधित प्रशासनिक और चुनाव अधिकारी उपस्थित थे।









