अमेठी की एक विवाहित महिला ने अपने पति और ससुराल के छह सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
संगरामपुर थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर मजरे भौसिंगपुर की निवासी प्रियांका देवी ने शिकायत में बताया कि उनका विवाह 4 अप्रैल, 2026 को प्रतापगढ़ जिले के पट्टी थाना क्षेत्र के प्योर खिरोधार तिवारी पुर निवासी प्रिंस कुमार से हुआ था। शादी के समय उनके मायके वालों ने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार दहेज दिया था।
एक लाख रुपये और गाड़ी की मांग
शिकायत के अनुसार, शादी के बाद ससुराल वालों ने कम दहेज को लेकर उन्हें ताने देना और रोजाना परेशान करना शुरू कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, पति प्रिंस कुमार, सास विमला देवी, जेठ रामजीत, देवर राहुल और अमित तथा ननद सर्वेश ने उन पर एक लाख रुपये नकद और एक चार पहिया वाहन लाने का दबाव बनाया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मांग पूरी न होने पर उनके पति ने उन्हें साथ रखने से इनकार करने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट की और कई बार उन्हें तीन-चार दिनों तक बिना खाने के कमरे में बंद रखा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर महिला अपने भाई से संपर्क कर मायके लौट आई। इसके बाद उन्होंने संगरामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
संगरामपुर थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि पीड़िता की शिकायत पर प्रिंस कुमार, विमला देवी, रामजीत, राहुल, अमित और सर्वेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 115(2), 352, 351(3) और 85 के साथ दहेज निषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में कानूनी कार्यवाही जारी है।









