रिपोर्ट: आदित्य मिश्रा
उत्तर प्रदेश की राज्य मंत्री और प्रभारी मंत्री प्रतभा शुक्ला ने शुक्रवार को अमेठी का एक दिवसीय दौरा किया। इस यात्रा के दौरान उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण अभियान और जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र नागरिकों, युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने को प्राथमिकता दी जाए।
मंत्री ने निर्माणाधीन एकीकृत न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया और मोहाना में डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण के लिए शिलान्यास भी किया।
मतदाता सूची और कानून व्यवस्था पर निर्देश
विकास भवन ऑडिटोरियम में अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर पात्र नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाने और प्राप्त आवेदनों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने हत्या, लूट, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार, बलात्कार, अपहरण और POCSO मामलों जैसे गंभीर अपराधों पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने लंबित जांचों के गुणवत्तापूर्ण निपटारे और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में संवेदनशील कार्रवाई पर जोर दिया।
विकास कार्यों का निरीक्षण और सौंदर्यीकरण
प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन एकीकृत न्यायालय परिसर का साइट निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जांच की। कार्यकारी अभियंता उमेश चंद्र ने उन्हें बताया कि लगभग 220 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस परिसर में 17 कोर्ट रूम, अधिवक्ता कक्ष, सुरक्षा ब्लॉक, आवासीय परिसर और पार्किंग सहित आधुनिक सुविधाएं होंगी। इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य 30 अप्रैल 2027 है।
इसके बाद उन्होंने नए कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। डॉ. बी.आर. अंबेडकर प्रतिमा विकास योजना के तहत उन्होंने तिलोई विधानसभा क्षेत्र के बहादुरपुर विकास खंड के मोहाना गांव में प्रतिमा के सौंदर्यीकरण कार्य का पूजन कर शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि जिले में बाबा साहेब की प्रतिमाओं से जुड़े 40 स्थलों का चयन किया गया है, जहां विकास और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।
दौरे के दौरान उन्होंने लोगों से जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। उन्होंने जानकारी दी कि नागरिक 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल पर अपने परिवार के विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
इस दौरान जिलाधिकारी शशांक चौधरी, पुलिस अधीक्षक सरवनन टी., मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।









