अमेठी की गौरीगंज कोतवाली पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत एक शातिर अंतर जिला लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 300 ग्राम स्मैक बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय कृष्ण कुमार निषाद उर्फ टाइगर के रूप में हुई है। वह सुल्तानपुर जिले के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के सरवन मोगडा का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से 1,200 रुपये नकद, लूट का एक बैग, पीड़ित का आधार कार्ड और एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
अपराध का लंबा इतिहास और गिरफ्तारी
कृष्ण कुमार निषाद गोसाईंगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, बस्ती और अयोध्या जिलों के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसपी सरवनन टी. के निर्देशन और एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में गौरीगंज पुलिस 25 नवंबर की रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल सवार आरोपी को रोका गया और तलाशी ली गई, जिससे 300 ग्राम स्मैक और 1,200 रुपये मिले।
जब पुलिस ने मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे, तो वह कोई वैध कागज नहीं दिखा पाया और बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।
बैंकों के बाहर रेकी कर करता था लूट
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बैंकों के आसपास घूमकर पैसे निकालने वाले लोगों की रेकी करता था और मौका मिलते ही नकदी से भरे बैग छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो जाता था।
उसने बताया कि करीब दो महीने पहले उसने कौहर में बैंक ऑफ इंडिया के पास एक व्यक्ति से 50,000 रुपये वाला काला बैग छीना था। बाद में मुसाफिरखाना रोड पर उसने बैग से पैसे निकालकर झाड़ियों में फेंक दिए थे।
आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को छोड़ देता था और उसकी जगह दूसरी बाइक चुरा लेता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से पीड़ित का बैग और आधार कार्ड बरामद किया।
गौरीगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम में SHO रवि कुमार सिंह के साथ गौरीगंज पुलिस और फील्ड यूनिट के जवान शामिल थे।









