अमेठी के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में एक महिला ने स्थानीय व्यक्ति द्वारा रास्ते में रोकने, छेड़छाड़ करने और जबरन खेत में खींचने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़िता का भाई नेवाडा स्थित अमृत बॉटलर्स सोलर प्लांट में सिक्योरिटी गार्ड है। महिला अक्सर अपने भाई को खाना देने वहां जाती रहती है। 17 नवंबर को दोपहर करीब 3:00 बजे, वह अपने भाई को मोबाइल फोन देकर घर लौट रही थी, तभी एक छोटे पुल के पास उसके गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे रोका।
आरोपी ने किया छेड़छाड़ का प्रयास
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी, जो उसी सोलर प्लांट में काम करता है, ने बातचीत के बहाने उसे रोका, उसका हाथ पकड़ा और पास के खेत की झाड़ियों की तरफ खींच लिया। उसने आगे आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसके कपड़े उतारने की कोशिश की।
महिला की चीखें सुनकर उसका भाई मौके पर पहुंचा। उसे देखते ही आरोपी गाली देते हुए और महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। पीड़िता ने बताया कि डर और सामाजिक बदनामी के कारण वह तुरंत रिपोर्ट नहीं कर सकी। उसने अगले दिन थाने जाकर अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।









