लखनऊ के राजभवन में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लखीमपुर खीरी के युवराज दत्त पोस्टग्रेजुएट कॉलेज के थारू जनजाति के छात्रों ने अपनी पारंपरिक लोक संस्कृति, नृत्य और जनजातीय विरासत का प्रदर्शन किया।
राज्यपाल के विशेष कर्तव्य अधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने इस कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने छात्रों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उनकी समृद्ध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि की उच्च गुणवत्ता वाली प्रस्तुति की सराहना की। प्रदर्शन के बाद छात्रों को राजभवन का भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें इस स्थान के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को जानने का अवसर मिला।
संस्कृति और विरासत का सम्मान
इस आयोजन में लखनऊ यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. भावना मिश्रा, युवराज दत्त पोस्टग्रेजुएट कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर (डॉ.) हेमंत पाल और कॉलेज की ट्राइबल सेल की प्रभारी प्रोफेसर ज्योति पंत शामिल रहीं।
प्रिंसिपल प्रोफेसर (डॉ.) हेमंत पाल ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय परंपराओं, संस्कृति, पहचान और विरासत को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि राजभवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर थारू छात्रों द्वारा अपनी संस्कृति का प्रतिनिधित्व करना कॉलेज परिवार के लिए गर्व की बात है।
प्रोफेसर पाल के अनुसार, ऐसे आयोजन छात्रों को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं और उनकी प्रतिभा के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने डॉ. सुधीर महादेव बोबडे के प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया और प्रोफेसर ज्योति पंत सहित इस पहल में शामिल सभी सहयोगियों को बधाई दी।









