हरदोई पुलिस ने लखीमपुर में तैनात इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह के आवास पर हुई चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। बीजेपी कार्यालय के पास गंगनगर कॉलोनी स्थित इंस्पेक्टर के घर में यह वारदात हुई थी। पुलिस ने इस मामले में रामकुमार के बेटे रामगोपाल उर्फ छोटे को गिरफ्तार किया है, जो बहलोली गांव का निवासी है।
घर में तोड़फोड़ और लाखों की चोरी
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर की पत्नी रागिनी शर्मा, जो एक शिक्षिका हैं, 2 नवंबर को परीक्षा देने लखनऊ गई थीं। 5 नवंबर को जब वह वापस लौटीं, तो उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ पाया। चोर ने दरवाजे और खिड़कियों की ग्रिल तोड़कर जबरन एंट्री की थी।
इस दौरान एलसीडी टेलीविजन समेत घर के सामान की भारी तोड़फोड़ की गई। परिवार के मुताबिक, वहां से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी हो गए। सबूत मिले कि आरोपी ने घर के अंदर शराब पी और वारदात के दौरान वहीं सो गया था।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
कोतवाली सिटी पुलिस की जांच के बाद रामगोपाल को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने यह चोरी अकेले ही की थी। गिरफ्तारी के समय आरोपी से 15,000 रुपये बरामद हुए हैं।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी ने किया, जिसमें सब-इंस्पेक्टर वशु कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों ने सहयोग किया।









