गांधी जयंती के अवसर पर बदोसराय पुलिस की मानवीय पहल मरकामऊ में बच्चों को बांटे फल और बिस्कुट
रिपोर्ट:- अश्वनी कुमार
सिरौली गौसपुर :- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर आज सिरौली गौसपुर क्षेत्र में पुलिस का एक बेहद मानवीय और संवेदनशील चेहरा सामने आया। थाना बदोसराय प्रभारी राम औतार सरोज ने अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र के मरकामऊ गांव में पहुंचकर बच्चों और स्थानीय लोगों के बीच खुशियां बांटीं। पुलिस टीम को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के तहत थाना प्रभारी राम औतार सरोज की अगुवाई में पुलिस बल मरकामऊ गांव पहुंचा। वहां उन्होंने गांव के जरूरतमंद बच्चों को फल, बिस्कुट और दैनिक जरूरत की अन्य सामग्रियां वितरित कीं। पुलिस कर्मियों ने अपने हाथों से बच्चों को उपहार सौंपे, जिसे पाकर मासूमों के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई।
इस मौके पर थाना प्रभारी राम औतार सरोज ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन हमें सत्य, अहिंसा और समाज के दबे-कुचले व जरूरतमंद लोगों की सेवा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग में सुरक्षा और अपनेपन का अहसास कराना भी है। आज बापू की जयंती पर बच्चों के साथ समय बिताना और उनकी मदद करना पूरी टीम के लिए अत्यंत संतोषजनक रहा।
इस मानवीय कार्य की स्थानीय ग्रामीणों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस के इस कदम से बच्चों का मनोबल बढ़ेगा और खाकी के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत होगा। कार्यक्रम के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग और अनुशासन का पूरा ध्यान रखा गया। इस अवसर पर बदोसराय थाने से उपनिरीक्षक अभिषेक त्रिपाठी , कांस्टेबल आशीष , अनिरुद्ध व महिला कांस्टेबल शिल्पी सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे !



























