सरकारी स्कूल के पीछे तेंदुए का आतंक, वन विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल
रिपोर्ट:- नारद संवाद
सुबेहा थाना क्षेत्र के शरीफाबाद में तेंदुए की लगातार दहशत से ग्रामीणों में भय का माहौल है। सरकारी स्कूल के पीछे तेंदुए ने हिरन पर हमला कर दिया, जबकि इसी स्कूल में बच्चे रोजाना पढ़ने जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब दो महीने से तेंदुए की लगातार मौजूदगी और हमलों के बावजूद वन विभाग कोई ठोस समाधान नहीं निकाल पाया है। आबादी के नजदीक आए दिन तेंदुए की गतिविधियां सामने आ रही हैं, जिससे बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि खतरनाक तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेषज्ञ टीम की जरूरत होने के बावजूद वन विभाग माली और चौकीदार के सहारे कार्रवाई क्यों कर रहा है? क्या माली और चौकीदार के भरोसे वन विभाग तेंदुए को पकड़ पाएगा?
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की यह कार्यशैली वन विभाग को हंसी का पात्र बना रही है और किसी बड़ी अनहोनी का खतरा बढ़ा रही है।
वन विभाग से मांग है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेषज्ञ टीम तत्काल मौके पर भेजी जाए, तेंदुए की निगरानी और पगमार्क की जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार न करे।