रामनगर, बाराबंकी :- पट्टी महादेवा गांव निवासी 50 वर्षीय सिरातुल की मंगलवार को सांप के डसने से मौत हो गई। सांप के काटने के बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए गजापुरवा लेकर पहुंचे। हालत बिगड़ने पर कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। जानकारी के मुताबिक सिरातुल मंगलवार को अपनी बकरियां चराने गोबरहा क्षेत्र गई थीं। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें बड़नपुर पंचायत के गजापुरवा में झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।सूचना पर लेखपाल संतोष वर्मा और ग्राम प्रधान राजन तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को पोस्टमार्टम कराने की सलाह देते हुए बताया कि नियमानुसार सरकारी सहायता के लिए पोस्टमार्टम जरूरी हो सकता है। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। मृतका का पुत्र शरीफ मुंबई में नौकरी करता है। उसने भी फोन पर पोस्टमार्टम न कराने की बात कही। परिजनों के अनुसार शरीफ के गांव आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।