Skip to main content

Naradsamvad

[post-views]

महादेवा धाम में श्रद्धालु नहीं, चोर रहे सबसे सक्रिय! गर्भगृह से जेब साफ, मेला मैदान से बाइक गायब, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी। सावन के पहले सोमवार पर जहां एक ओर लाखों श्रद्धालु भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित करने पहुंचे, वहीं दूसरी ओर चोरों ने भी भीड़ का पूरा फायदा उठाकर जमकर हाथ साफ किए। हालात ऐसे रहे कि गर्भगृह तक श्रद्धालुओं की जेबें सुरक्षित नहीं रहीं और मेला मैदान से बाइक तक चोरी हो गई। लगातार हुई घटनाओं ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्राम अमरा देवी निवासी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि गर्भगृह में पूजा-अर्चना के दौरान उनकी जेब से नकदी पार कर दी गई। वहीं ग्राम उमरी निवासी गेंदेलाल परिवार के साथ जलाभिषेक करने पहुंचे थे। पूजा के दौरान ही उनका रुपयों से भरा पर्स चोरी हो गया। दोनों पीड़ितों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। गेंदेलाल के पूरे रुपये पर्स समेत चोरी हो जाने से उनके पास घर लौटने के लिए बाइक में पेट्रोल तक डलवाने के पैसे नहीं बचे और वह घंटों तक परेशान होकर मदद की तलाश करते रहे।उधर, सीतापुर जनपद के पैतेपुर हीरानगर निवासी संदीप पाल अपनी बाइक से दर्शन करने आए थे। उन्होंने मेला मैदान में बाइक खड़ी की और पूजा कर वापस लौटे तो वाहन गायब मिला। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चला। आखिरकार पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।सावन मेले के पहले ही सोमवार को चोरी की एक के बाद एक घटनाओं ने श्रद्धालुओं में दहशत फैला दी। सवाल यह उठ रहा है कि जब पूरे मेले में भारी पुलिस बल, जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के व्यापक दावे किए जा रहे हैं, तब भी चोर बेखौफ होकर गर्भगृह से लेकर मेला मैदान तक वारदातों को अंजाम कैसे दे रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले सोमवारों में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1475194
Total Visitors
error: Content is protected !!