Skip to main content

Naradsamvad

[post-views]

प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ से जुड़े एसआरएमयू के सैकड़ों विद्यार्थी, नशामुक्त भारत का लिया संकल्प !

रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी 

बाराबंकी :-  मेरा युवा भारत, युवा मामले विभाग एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के युवा संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ के अंतर्गत श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) के चरक सभागार में रविवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इंजीनियर पंकज अग्रवाल एवं प्रति-कुलाधिपति इंजीनियर पूजा अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समन्वय प्रो. (डॉ.) नीरजा जिंदल द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक एवं प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना और युवाओं से जुड़े विभिन्न सामाजिक विषयों पर उनके विचारों को आत्मसात किया।

कार्यक्रम के पश्चात सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिज्ञा की।

इस दौरान युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। विश्वविद्यालय द्वारा सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े अभियानों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई जाती रही है। इसी क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की भावना को और सुदृढ़ किया।

कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1301463
Total Visitors
error: Content is protected !!