Naradsamvad

[post-views]

उत्तर प्रदेश साहित्य सभा, बाराबंकी की कार्यकारिणी बैठक एवं काव्य गोष्ठी संपन्न !

साहित्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना का आह्वान !

रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी 

बाराबंकी :- उत्तर प्रदेश साहित्य सभा, बाराबंकी की कार्यकारिणी की बैठक समिति के अध्यक्ष एवं राष्ट्रवादी ओज कवि डॉ. ओ.पी. वर्मा ‘ओम’ के दीनदयाल नगर स्थित आवास ‘नारायण कृपा’ पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. ओ.पी. वर्मा ‘ओम’ ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ व्यंग्यकार अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’ ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कवि जगन्नाथ ‘निर्दोष’ द्वारा वाणी वंदना से हुआ।

समिति के सचिव डॉ. कुमार पुष्पेंद्र ने संस्था के उद्देश्य, कार्ययोजना एवं भावी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए साहित्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों ने संगठन को अधिक सक्रिय और सशक्त बनाने हेतु विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की और महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

विशिष्ट अतिथि एवं संस्थापक सदस्य, अंतरराष्ट्रीय गीतकार प्रियांशु गजेंद्र ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है, जो उसकी संस्कृति, समस्याओं और संवेदनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। उन्होंने साहित्यकारों से समाज को सही दिशा देने की अपील की।

बैठक के उपरांत आयोजित काव्य गोष्ठी में विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। ओज कवि दीपक दिवाकर ने पर्यावरण संरक्षण पर प्रभावशाली कविता प्रस्तुत की, जबकि युवा कवि सोहन आजाद ने श्रृंगार रस के गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ओज कवि रणधीर सिंह ने वीर रस की रचनाओं से राष्ट्रभक्ति का संचार किया। हास्य कवि नागेंद्र सिंह एवं जितेंद्र श्रीवास्तव ‘जीतू’ ने हास्य-व्यंग्य से वातावरण को हल्का-फुल्का बनाया। अवधी गीतकार रामकिशन यादव ने लोकगीतों की मधुर प्रस्तुति दी। प्रदीप महाजन ने सामाजिक विसंगतियों पर व्यंग्य किया। डॉ. कुमार पुष्पेंद्र एवं अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’ ने भी अपनी रचनाओं से सराहना प्राप्त की, जबकि प्रियांशु गजेंद्र ने भावपूर्ण गीतों से कार्यक्रम को ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. ओ.पी. वर्मा ‘ओम’ ने कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ओजपूर्ण काव्य पाठ किया। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित साहित्यकारों, पदाधिकारियों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और साहित्यिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में साहित्य प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1280754
Total Visitors
error: Content is protected !!