बंकी की जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन को चेतावनी, 4 अगस्त से धरने की तैयारी !
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी में किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की किल्लत को लेकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन दशहरी संगठन ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के प्रदेश सचिव एवं जिलाध्यक्ष निहाल अहमद सिद्दीकी के नेतृत्व में किसानों ने जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सरकारी समितियों पर खाद की भारी कमी है, जिससे किसान परेशान होकर भटकने को मजबूर हैं। वहीं कुछ निजी विक्रेताओं पर कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक कीमत वसूलने के आरोप भी लगाए गए हैं। संगठन ने मांग की है कि किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए और दोषी विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई हो।
इसके अलावा कस्बा बंकी की कई समस्याओं को भी उठाया गया, जिनमें गृहकर में वृद्धि, तालाब की जमीन पर प्लाटिंग, सड़कों की खराब हालत, जलभराव, नालों की सफाई, मुर्गा फार्म से फैल रही गंदगी और नई पानी टंकी की चारदीवारी क्षतिग्रस्त होने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 4 अगस्त से गन्ना संस्थान में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।