रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर, बाराबंकी। क्षेत्र में लगातार चरमराई विद्युत व्यवस्था से आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन (भदौरिया) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार रात करीब 11 बजे रामनगर विद्युत उपखंड कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। पूरी रात चले प्रदर्शन के बाद भी जब जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस पहल नहीं की तो किसानों का गुस्सा और बढ़ गया। रविवार दोपहर करीब एक बजे तहसीलदार विपुल कुमार सिंह और कोतवाल अरुण प्रताप सिंह के मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद धरना समाप्त हुआ।धरना खत्म होने के बाद भाकियू नेताओं ने अधिशासी अभियंता को जिलाधिकारी के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। किसानों का आरोप है कि लगातार लो-वोल्टेज, अघोषित बिजली कटौती और जर्जर लाइनों के कारण खेती-किसानी चौपट हो रही है, लेकिन विभाग के अधिकारी शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं।ज्ञापन में अधिकारियों के मुख्यालय पर रात्रि प्रवास सुनिश्चित कराने, सूरतगंज क्षेत्र की 33 केवी लाइन की तत्काल मरम्मत, सैदनपुर फीडर की लो-वोल्टेज समस्या का स्थायी समाधान, रानीगंज फीडर पर कार्यरत दो लाइनमैनों के खिलाफ कार्रवाई तथा अकोहरा व गंगापुरवा की लाइन को गणेशपुर फीडर से जोड़ने की मांग की गई है।भाकियू (भदौरिया) के जिलाध्यक्ष रविन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों की फसलें और आमजन का जीवन बिजली संकट से प्रभावित है, लेकिन विभाग के अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन विद्युत विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।धरने में जिला महासचिव अनुज कुमार श्रीवास्तव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आकाश यादव, तिलक राम गुप्ता, मीडिया प्रभारी सुनील कुमार वर्मा, अंतिम वर्मा, महेश दीक्षित, अनूप सिंह, सनी सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष सूरतगंज विनय यादव सहित सैकड़ों किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






















