बाराबंकी:- हैदरगढ़ तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव में अधिवक्ताओं ने अपने नए नेतृत्व का चयन कर लिया है। अध्यक्ष पद पर संजय कुमार सिंह ने 129 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कुंवर बहादुर यादव को 98 मत मिले। वहीं महामंत्री पद पर संतोष कुमार शुक्ला ने 152 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।
चेयरमैन आलोक तिवारी ने किया अध्यक्ष का स्वागत, बोले– अधिवक्ताओं के लिए हर समय तत्पर !
चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर दिनेश कुमार श्रीवास्तव (142 मत), उपाध्यक्ष द्वितीय पद पर धर्मेंद्र कुमार यादव (130 मत), संयुक्त मंत्री (प्रकाशन) पद पर अखिलेश कुमार मिश्रा (150 मत) तथा संयुक्त मंत्री (प्रशासन) पद पर मित्र सेन कुमार (118 मत) निर्वाचित हुए।
जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि वह अधिवक्ताओं के हित, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर कार्य करेंगे तथा बार एसोसिएशन को और अधिक मजबूत बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत हैदरगढ़ के चेयरमैन आलोक तिवारी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय कुमार सिंह का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह अधिवक्ताओं के हितों के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे तथा बार और अधिवक्ताओं के सम्मान से जुड़े हर सकारात्मक कार्य में सहयोग करते रहेंगे।
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया।