देवा रोड रेलवे क्रॉसिंग खोलने और बाईपास निर्माण की मांग तेज !
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी :- स्व० श्री अवध बिहारी मिश्र सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं आंदोलनकारी अधिवक्ता रितेश कुमार मिश्र ने 7 जुलाई 2026 को माल गोदाम के पास ट्रक से हुई दुर्घटना में हर्षवर्धन तिवारी की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित दो सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के माध्यम से प्रेषित किया।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित फर्टिलाइजर रैक पॉइंट के कारण प्रतिदिन भारी वाहनों का आवागमन मुख्य बाजार और आवासीय क्षेत्रों से होता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी लापरवाही के चलते युवा हर्षवर्धन तिवारी की दर्दनाक मृत्यु हुई, जो क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
रितेश कुमार मिश्र ने प्रशासन से मांग की है कि रेलवे स्टेशन के पास बने रैक पॉइंट को आबादी से दूर स्थानांतरित किया जाए तथा अलग बाईपास/सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए। साथ ही देवा रोड की बंद रेलवे क्रॉसिंग को शीघ्र खुलवाने की मांग भी की गई है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
ज्ञापन देने के दौरान रईस कादरी, पवन मिश्र, दिवाकर सिंह, राकेश कुमार तिवारी, राजकुमार पाण्डेय, श्रीकांत, राहुल सैनी, शक्ति मिश्रा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
























