रामनगर (बाराबंकी) :- बाराबंकी जिले के विधानसभा क्षेत्र रामनगर अंतर्गत विकासखंड सूरतगंज के झंझरा–फिरोजपुर गांव को आज पक्की सड़क की बड़ी सौगात मिली। विधान परिषद सदस्य (स्थानीय निकाय) अंगद सिंह ने रविवार को पूर्वांचल निधि विकास योजना के तहत निर्मित सीसी रोड का विधिवत लोकार्पण किया।
सड़क के उद्घाटन के साथ ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इस विकास कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एमएलसी अंगद सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत और टिकाऊ सड़कें विकास की आधारशिला होती हैं। उन्होंने बताया कि बेहतर संपर्क मार्ग बनने से आवागमन सुगम होगा, जिससे किसानों, छात्रों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में कुलदीप सिंह, विजय सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो अब पूरी होने से गांव की तस्वीर बदलने में मदद मिलेगी।
ग्रामीणों ने इस विकास कार्य के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह क्षेत्र में विकास कार्य होते रहेंगे।