Naradsamvad

[post-views]

बाराबंकी में CPI का प्रदर्शन: राम मंदिर ट्रस्ट को संघ से मुक्त कराने की मांग !

रिपोर्ट :- राहुल त्रिपाठी

बाराबंकी :-  भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने राम मंदिर सहित सभी धर्म स्थलों को संघ से मुक्त कराने की मांग को लेकर सोमवार को जोरदार जुलूस निकाला। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी के माध्यम से सौंपा।

जुलूस को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य परिषद सदस्य रणधीर सिंह सुमन ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एक अनुषांगिक संगठन विश्व हिंदू परिषद है, जबकि भारतीय जनता पार्टी उसका राजनीतिक चेहरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों संगठन संघ द्वारा नियंत्रित और प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के माध्यम से संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर केंद्र सरकार द्वारा गठित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में अधिकांश सदस्य संघ से जुड़े हुए हैं।

सुमन ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा जमीन खरीद से लेकर मंदिर निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा तक के कार्यों में भारी वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं, जिससे करोड़ों राम भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है।

पार्टी के जिला सचिव बृजमोहन वर्मा ने मांग की कि विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा किए गए कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाए।

वहीं, राज्य परिषद सदस्य परवीन कुमार ने कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को संघ, विश्व हिंदू परिषद और भाजपा से मुक्त कर सनातन धर्म के धर्माचार्यों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए।

ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में गिरीश पटेल (एडवोकेट), विनय कुमार सिंह, शिवदर्शन वर्मा, प्रेमचंद वर्मा, करण राजपूत, धर्मेंद्र शर्मा, महेंद्र यादव, मुनेश्वर प्रसाद, कदीर हसन, सर्वेश यादव, रामनरेश वर्मा, दीपक वर्मा, जितेंद्र श्रीवास्तव, राजकुमार वर्मा, दीपक शर्मा, सुंदर लाल सोनी, योगेंद्र सिंह, ज्ञानेश्वर वर्मा, संदीप तिवारी, संदीप वर्मा, राजेंद्र बहादुर सिंह, आलोक वर्मा, आदित्य वर्मा और अभय सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1200223
Total Visitors
error: Content is protected !!