रिपोर्ट/नारद संवाद न्यूज़ एजेंसी
रामनगर (बाराबंकी)। रामनगर वन रेंज क्षेत्र में वन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने रविवार सुबह बिना किसी विभागीय अनुमति के सिरौली कलां गांव में एक विशालकाय हरे-भरे फलदार आम के पेड़ पर आरा चला दिया। पेड़ काटकर उसकी लकड़ी पिकअप पर लादकर ले जाने की तैयारी चल रही थी, तभी ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पुलिस और वन विभाग को सूचना दे दी।सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदी पिकअप को कब्जे में ले लिया, जबकि मामले में शामिल लोगों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है।घटना से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सूचना न दी जाती तो वन माफिया लकड़ी को आसानी से ठिकाने लगा देते। ग्रामीणों ने क्षेत्र में अवैध पेड़ कटान पर प्रभावी अंकुश लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।वन दरोगा सचिन पटेल ने बताया कि मौके से लकड़ी लदी पिकअप को वन विभाग की अभिरक्षा में ले लिया गया है। पेड़ काटने की अनुमति से संबंधित अभिलेखों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला अवैध कटान का प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
























