रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
हैदरगढ़ से शुरू होगी जनजागरण यात्रा, रामनगर के मलौली आश्रम में करेंगे रात्रि विश्राम

रामनगर (बाराबंकी)। गौ रक्षा एवं सनातन संस्कृति जनजागरण यात्रा के तहत जगद्गुरु शंकराचार्य 12 जुलाई को बाराबंकी आएंगे। जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण, स्वागत एवं आशीर्वचन कार्यक्रमों के बाद वह रामनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मलौली स्थित श्री पंचमुखी हनुमान धाम दंडी संन्यासी आश्रम एवं जगत गुरुकुलम में रात्रि विश्राम करेंगे।यात्रा के जिला प्रभारी ने रविवार को आश्रम में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि शंकराचार्य की यात्रा का बाराबंकी में प्रवेश हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से होगा और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए इसका समापन रामनगर विधानसभा में होगा। इस दौरान कई स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा तथा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य गौ माता के संरक्षण, भारतीय संस्कृति के संवर्धन और सनातन मूल्यों के प्रति जनजागरण करना है। विभिन्न कार्यक्रमों में शंकराचार्य श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे और गौ संरक्षण के लिए समाज की सहभागिता का आह्वान करेंगे। साथ ही श्रद्धालुओं को उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।
























