रिपोर्ट/संदीप शुक्ला
महादेवा, बाराबंकी। जनपद बाराबंकी के विकासखंड सूरतगंज की ग्राम पंचायत लोधौरा के पंचायत भवन में शनिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वे की पात्रता सूची के संबंध में खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।बैठक की अध्यक्षता प्रशासक (ग्राम प्रधान) अजय कुमार तिवारी उर्फ राजन ने की। इस दौरान सेक्टर प्रभारी सूरतगंज एवं लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता सोमवीर सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जानकारी देते हुए पात्रता एवं चयन प्रक्रिया के संबंध में ग्रामीणों को विस्तार से अवगत कराया।पंचायत सचिव अभिनय सिंह ने बताया कि शासन द्वारा लक्ष्य आवंटित होने के बाद पात्र लाभार्थियों के चयन की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आवास योजना की पात्रता से जुड़े बिंदुवार विवरण भी ग्रामीणों के सामने रखे।बैठक में ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और कहा कि यदि किसी को किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो वह खुलकर अपनी बात रख सकता है। साथ ही ग्रामीणों से वृद्धावस्था पेंशन, फैमिली आईडी एवं शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनोज वर्मा, पंचायत सहायक आदर्श द्विवेदी, रोजगार सेवक इस्लाम, नजर मोहम्मद, मनोज, अमित, अंकित, फारुख, गुड्डू, हनीफ सहित ग्राम पंचायत सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






























