दीनदयाल नगर में चल रहे संदिग्ध ठिकाने पर छापा, इलाके में मचा हड़कंप !
सीओ गरिमा पंत के नेतृत्व में कार्रवाई, नशीले_पदार्थ और संदिग्ध सामग्री बरामद !
रिपोर्ट :- नारदसंवाद
बाराबंकी:- शहर के दीनदयाल नगर इलाके में पुलिस ने कथित सेक्स रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान पर छापेमारी की। विशाल मेगा मार्ट के सामने स्थित मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया है।
पुलिस को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सीओ सिटी संगम कुमार, सीओ रामनगर गरिमा पंत और महिला थाना प्रभारी रतन कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान पर दबिश देकर मौके से संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को कुछ नशीले पदार्थ, दवाइयां तथा अन्य संदिग्ध सामग्री भी मिली है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौके पर पहुंच गए। लोगों का कहना है कि काफी समय से इस मकान में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियां संदेह के घेरे में थीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। बरामद सामग्री की फोरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। जांच में यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। लोगों का मानना है कि जिले में संचालित अन्य अनैतिक गतिविधियों पर भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।