बाराबंकी :- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार, 20 जून को बालाजी किंगडम ऑफ स्पोर्ट्स में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका परिषद नवाबगंज की चेयरमैन शीला सिंह उपस्थित रहीं। संस्थान की डायरेक्टर भारती माथुर ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
150 बच्चों ने किया उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कार्यक्रम में किंगडम ऑफ स्पोर्ट्स के लगभग 150 बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। बच्चों ने ताड़ासन, वृक्षासन, सूर्य नमस्कार तथा अनुलोम-विलोम प्राणायाम सहित विभिन्न योगासनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बच्चों के अनुशासन, ऊर्जा और योग के प्रति समर्पण को देखकर चेयरमैन शीला सिंह ने उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बालाजी ग्रुप की अनूठी पहल
योग कार्यक्रम के दौरान संस्थान की डायरेक्टर भारती माथुर ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक पहल की। संस्थान की ओर से कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चों को एक-एक पौधा उपहार स्वरूप प्रदान किया गया।
भारती माथुर ने बच्चों से आह्वान किया कि वे पौधों को अपने घर या आसपास सुरक्षित स्थान पर लगाकर उनकी नियमित देखभाल करें। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अगले छह महीनों में जो बच्चा अपने पौधे की सबसे अच्छी देखरेख कर उसे एक विकसित वृक्ष के रूप में तैयार करेगा, उसकी ‘किंगडम ऑफ स्पोर्ट्स’ की छह माह की फीस पूर्णतः माफ कर दी जाएगी।
इस अभिनव पहल का उपस्थित अभिभावकों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं बच्चों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। सभी ने इसे समाज और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली अनुकरणीय पहल बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर रविन्द्र माथुर, प्रिया माथुर, भारती माथुर, अंकुर माथुर श्रीवास्तव, गौरव तिवारी, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ रामनगर ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश शुक्ला, आशीष चौरसिया, पीयूष मौर्य, अंशिका मिश्रा, मुकेश यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।