बाराबंकी :- शासन की मंशानुरूप आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने तहसील फतेहपुर स्थित लोक सभागार में जनता की समस्याएं सुनीं।
समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विद्युत, पेयजल, पेंशन एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा कहा कि जनता को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का मौके पर जाकर सत्यापन किया जाए तथा शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए पारदर्शी ढंग से निस्तारण किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित की गई।