रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी । थाना क्षेत्र के रानीगंज भट्ठा चौराहे पर स्थित एक देसी शराब की दुकान में सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर करीब 80 हजार रुपये की नकदी, लगभग दो दर्जन देशी शराब के पैकेट तथा एक एलसीडी चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने रानीगंज भट्ठा चौराहे पर स्थित देसी शराब की दुकान का शटर तोड़ दिया। इसके बाद दुकान के अंदर रखे गल्ले से करीब 80 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। इतना ही नहीं, चोर लगभग दो दर्जन देशी शराब के पैकेट और दुकान में लगी एक एलसीडी भी अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।मंगलवार सुबह जब आसपास के लोगों की नजर दुकान पर पड़ी तो शटर टूटा हुआ देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना दुकान संचालक को दी। जानकारी मिलते ही मोहम्मदपुर खाला निवासी सेल्समैन संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और दुकान का निरीक्षण करने के बाद पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह एवं चौकी इंचार्ज गजेन्द्र विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना कैद होने की बात सामने आई है।सेल्समैन संतोष कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।









