रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर (बाराबंकी)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रामनगर थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने कहा कि सभी ताजिया जुलूस परंपरागत एवं पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे। किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुसार ताजियों की ऊंचाई 8 फुट से अधिक नहीं होनी चाहिए, ताकि कर्बला तक ले जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर पेड़ों की कटाई या किसी निर्माण को तोड़े जाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी गांव में पहले से कोई विवाद है तो उसकी सूचना समय रहते प्रशासन को दी जाए, ताकि उसका समाधान कराया जा सके।नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक ने कहा कि रामनगर क्षेत्र गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल है, जहां सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे के साथ हर पर्व मनाते हैं। उन्होंने सभी से सौहार्द बनाए रखने की अपील की।प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि मोहर्रम जुलूस के दौरान झंडों में लोहे की रॉड एवं हरे बांस का प्रयोग किसी भी स्थिति में न किया जाए। अफवाहों पर ध्यान न देते हुए किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें और अपने स्तर पर कोई निर्णय न लें, अन्यथा कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।बैठक के दौरान कांप फतेहुल्लाहपुर निवासी मोहम्मद हसन ने लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त कराने तथा बुढ़वल गांव में कर्बला जाने वाले मार्ग पर लगाए गए कंटीले तार हटवाने की मांग उठाई। प्रभारी निरीक्षक ने गनेशपुर में शिया एवं अन्य समुदाय के लोगों से पूर्व निर्धारित समय-सारिणी का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।बैठक में इंस्पेक्टर सुभाष यादव, अतिरिक्त निरीक्षक राज बहादुर सरोज, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश पांडेय, सुढियामऊ चौकी प्रभारी गजेंद्र विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक राज कनौजिया, बी.पी. सिंह, सभासद अवनीश मिश्रा, केडी खान, शुभम जायसवाल, पूर्व सभासद दयाशंकर तिवारी, डॉ. मोहम्मद सलीम, प्रधान अब्दुल मन्नान, मोहम्मद अंसार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।































