धरने से पहले ही सक्रिय हुआ प्रशासन, ज्ञापन देकर लौटे किसान—बड़े आंदोलन की चेतावनी!
नारद संवाद न्यूज़ एजेंसी रिपोर्ट Rahul Tripathi
बाराबंकी। जनपद के बंकी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (दशहरी) द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन को प्रशासन ने शुरू होने से पहले ही रोक दिया। प्रदेश सचिव निहाल अहमद के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में किसान नेता, कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं स्थानीय नागरिक प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे।
भाकियू दशहरी द्वारा पूर्व में ही धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया गया था, जिसे कई अन्य संगठनों का भी समर्थन प्राप्त था। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और भारी पुलिस बल के साथ उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी नगर मौके पर पहुंच गए।
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रेलवे क्रॉसिंग तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया और स्थिति को नियंत्रित रखते हुए स्टेशन अधीक्षक को मौके पर बुलाकर ज्ञापन दिलवाया गया। इस दौरान शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शनकारियों को समझाकर वापस भेजा गया।
भाकियू दशहरी के प्रदेश सचिव निहाल अहमद ने बताया कि प्रशासन द्वारा उच्चाधिकारियों से वार्ता का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही ओवरब्रिज निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो संगठन बड़ा आंदोलन और आमरण अनशन करेगा।
जाम से जूझ रही जनता, ओवरब्रिज बना प्राथमिक जरूरत
बंकी रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या से स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान हैं। ऐसे में ओवरब्रिज की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती नजर आ रही है।
👉 हर अपडेट के लिए जुड़े रहें — Naradsamvad.in