रिपोर्ट/सन्दीप शुक्ला
महादेवा बाराबंकी। प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम से दस दिवसीय गंगासागर भंडारे के आयोजन के लिए लोधेश्वर महादेवा सुशश्रा संस्था के सेवादारों का एक बड़ा दल बुधवार को कलकत्ता स्थित गंगासागर तीर्थ के लिए रवाना हुआ। यह भंडारा बीते 30 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है।संस्था के संयोजक अमित कुमार गुप्ता उर्फ सोनू गुप्ता ने बताया कि “सब तीरथ बार-बार, गंगासागर एक बार” की कहावत को चरितार्थ करते हुए प्रतिवर्ष साधु-संतों व श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस भंडारे की शुरुआत उनके पिता स्व. देवी प्रसाद गुप्ता एवं संत राम सैनी (स्व. माली बाबा) ने की थी। दोनों के देहावसान के बाद इस परंपरा को उनके पुत्र अमित गुप्ता निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।उन्होंने कहा कि माता-पिता के आशीर्वाद, लोधेश्वर महादेव की कृपा और बुजुर्गों की प्रेरणा से ही इस सेवा कार्य को करने की शक्ति मिलती है, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोगों का सहयोग भी सदैव प्राप्त होता है।यह विशाल भंडारा 7 जनवरी से 17 जनवरी तक गंगासागर मेले में गली नंबर-2, खोया-पाया केंद्र के पास लगाया जाएगा। यहां उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने के साथ विश्राम भी करते हैं। भंडारे में साथ गए सेवादार पूरे सेवा भाव से व्यवस्थाओं को संभालते हैं।गौरतलब है कि मकर संक्रांति (खिचड़ी) के अवसर पर समुद्र तट स्थित कपिल मुनि मंदिर परिसर में गंगासागर का भव्य मेला आयोजित होता है, जो अयोध्या की गद्दी से संचालित होता है।इस अवसर पर भंडारे के साथ रजत शर्मा, दीपू गुप्ता, सतीश गुप्ता, पुष्पेंद्र अवस्थी, जितेंद्र, स्वामीनाथ सैनी, नीरज यादव, अमित यादव, सुग्रीव, जुगुल यादव, मुलायम, सूरज, पंकज, डूबा, पहुना सहित सैकड़ों महिला-पुरुष, साधु-संत, श्रद्धालु एवं संस्था के सेवादार गंगासागर के लिए रवाना हुए।































