Skip to main content

Naradsamvad

सराय बरई में पटाखा फैक्ट्री फटी, दो की मौत, पांच झुलसे — धमाके की गूंज दो किमी तक, मकानों में आईं दरारें

Vivek Shukla
4 Min Read

रिपोर्ट/रिशु गुप्ता


रामसनेहीघाट बाराबंकी।तहसील रामसनेहीघाट क्षेत्र के सराय बरई गांव में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से दहशत फैल गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी गूंज दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। फैक्ट्री और आसपास के मकानों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

गांव की आबादी से करीब 500 मीटर दूर खेत में स्थित यह पटाखा फैक्ट्री मोहम्मद ताहिर की बताई जा रही है। बताया जाता है कि दोपहर करीब 2 बजकर 10 मिनट पर मजदूर आतिशबाजी का सामान तैयार कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की तीव्रता ऐसी थी कि एक शव 100 मीटर दूर खेत में जा गिरा, उसके अंग-भंग हो गए। वहीं, आसपास के कई मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं।

ALSO READ  मंदिर मार्ग थाने में प्रदर्शन के कारण नेहा बोरा की सुनवाई रुकी, पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
Ad image

सूचना मिलते ही टिकैतनगर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे। आग की लपटें उठती देख टीम को पास जाने में भी मुश्किल हुई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

मौके पर पहुंचे आईजी, डीएम और एसपी
घटना की सूचना पर आईजी अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार, डीएम शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने फैक्ट्री परिसर की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम को जांच के निर्देश दिए हैं।

हादसे में ईश्वरलाल और एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है। खालिद पुत्र ताहिर, कल्लू, सलमान समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां हालत नाजुक बताई जा रही है।

ALSO READ  भारत को 500 GW ग्रीन एनर्जी लक्ष्य के लिए बैटरी स्टोरेज और ग्रिड अपग्रेड की जरूरत

ग्रामीण बोले—पहले भी की थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी होती थी। कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हादसे के बाद फैक्ट्री में छोटे-छोटे विस्फोट होते रहे, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।

एसडीएम बोले—लाइसेंस 2026 तक वैध, जांच जारी
एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि फैक्ट्री के पास आतिशबाजी बनाने और भंडारण का वैध लाइसेंस है, जो 31 मार्च 2026 तक मान्य है। दीपावली से पहले निरीक्षण भी किया गया था। अचानक धमाका कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

आईजी बोले—15 किलो भंडारण की थी अनुमति
आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि फैक्ट्री को केवल 15 किलो पटाखा भंडारण की अनुमति थी। यह हादसा कैसे हुआ, इसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। किसी ने बीड़ी या सिगरेट जलाई थी या कोई अन्य कारण है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।

ALSO READ  भारतीय भौतिक विज्ञानी अशोक सेन ओस्कर क्लेन मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने

विधायक ने किया दौरा, पीड़ित परिवारों को दिलाया भरोसा
अयोध्या की रुदौली विधानसभा से विधायक रामचंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से जानकारी ली और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस ने माइक से घोषणा कर भीड़ को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।

“अचानक धमाका कैसे हुआ, ये जांच का विषय है। फिलहाल घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।”
— प्रवीण कुमार, आईजी अयोध्या रेंज

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
Account
Cart
Search
error: Content is protected !!