वन विभाग में भ्रष्टाचार और वृक्षारोपण की जांच की मांग, भाकियू भानू प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से की मुलाकात !
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
18 सितंबर 2026 को भारतीय किसान यूनियन भानू के प्रतिनिधिमंडल ने वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना से मुलाकात कर जनपद बाराबंकी के वन विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने वन विभाग में कथित भ्रष्टाचार, पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर कार्रवाई तथा आश्वासन के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने का मुद्दा उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने बाराबंकी जनपद में पिछले पांच वर्षों के दौरान कराए गए वृक्षारोपण की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। साथ ही वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर लगाए गए विभिन्न आरोपों से भी मंत्री को अवगत कराया गया।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, मंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। संगठन ने कहा कि वृक्षारोपण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका धरातल पर सत्यापन और संरक्षण सुनिश्चित होना चाहिए।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय महासचिव कुं. उदेंदु प्रताप (आशु चौधरी), जिला अध्यक्ष बाराबंकी देशराज वर्मा, वाजिद अली, उमेश वर्मा, शिवम शर्मा सहित संगठन के सदस्य मौजूद रहे।
























