रिपोर्ट:- रीशू गुप्ता
रामसनेहीघाट बाराबंकी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनीकोडर में सर्वाइकल कैंसर समेत एचपीवी से होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए चलाया जा रहा टीकाकरण अभियान लगातार रफ्तार पकड़ रहा है। मार्च से शुरू हुए अभियान के तहत अब तक 1800 से अधिक लोगों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से किशोरियों और महिलाओं में बीमारी से बचाव को लेकर जागरूकता भी बढ़ रही है।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) एक संक्रमण है, जिसके कुछ प्रकार आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर समेत अन्य गंभीर कैंसर का कारण बन सकते हैं। एचपीवी वैक्सीन शरीर में वायरस के खिलाफ प्रतिरक्षा विकसित कर संक्रमण से बचाव में मदद करती है।
उन्होंने बताया कि वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर के साथ शरीर के कुछ अन्य अंगों पर कैंसर के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके अलावा एचपीवी से होने वाले जननांग मस्सों से भी बचाव करती है।
डॉ. चंद्रा ने बताया कि 9 से 14 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाना विशेष रूप से प्रभावी माना जाता है। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार 9 से 45 वर्ष तक की उम्र में भी इसका टीकाकरण कराया जा सकता है। उम्र के अनुसार वैक्सीन की दो या तीन खुराक दी जाती हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए समय रहते टीकाकरण को लेकर जागरूक हों और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार वैक्सीन जरूर लगवाएं। बनीकोडर सीएचसी में 1800 से अधिक लोगों का टीकाकरण अभियान की सफलता और बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।
























