रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी। होटल पर हुई कहासुनी के बाद घात लगाकर बैठे हमलावरों ने गांव के चौकीदार राजेश यादव (52) पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाए गए राजेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है।भरसवां गांव निवासी राजेश मंगलवार को आल्हा गायन सुनकर लौट रहा था। थाने के सामने होटल पर नाश्ते के दौरान गांव निवासी रामू प्रजापति से उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद गांव के पास मेंथा टंकी के निकट श्रवण, शुभम बाबू, रामकैलाश, कुलदीप समेत अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया। साथी देशराज मौके से भाग निकला।घायल राजेश को परिजन पहले रामनगर थाने और फिर सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी और सीओ गरिमा पंत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात है। पुलिस घटना के कारणों और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
























