रिपोर्ट/नारद संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर, बाराबंकी। लोधेश्वर महादेवा मंदिर में सावन सोमवार को उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीनता से पेश आने तथा भीड़ व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद मंदिर के पास डाक कांवड़ियों के साथ पुलिस की कथित सख्ती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।बताया जाता है कि बीती रात डाक कांवड़ियों का एक जत्था मंदिर की ओर पहुंचा था। इसी दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी डंडे के सहारे कांवड़ियों को पीछे की ओर धकेलते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़ नियंत्रण के दौरान कुछ पुलिसकर्मी जरूरत से ज्यादा सख्ती बरत रहे हैं। श्रद्धालुओं को पीछे करने के दौरान धक्का-मुक्की किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करना जरूरी है, लेकिन धार्मिक स्थल पर पुलिस को संयम और विनम्रता के साथ व्यवस्था संभालनी चाहिए।अधिकारियों की ब्रीफिंग के बावजूद ऐसी स्थिति सामने आने पर पुलिस अधिकारियों से मौके पर तैनात जवानों को दोबारा निर्देशित करने और आवश्यकता के अनुसार अनुभवी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने की मांग उठ रही है, ताकि व्यवस्था भी बनी रहे और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
























