रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर बाराबंकी। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर श्रावण माह के दौरान सड़क किनारे खुलेआम मांस एवं मांसाहार की बिक्री पर नियमानुसार कार्रवाई कराने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है।ज्ञापन में कहा गया कि 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहे श्रावण माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना, व्रत एवं कांवड़ यात्रा में शामिल होंगे। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम मांस की बिक्री पर आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कराई जाए।बजरंग दल के जिला सह संयोजक विनय वर्मा ने बताया कि ज्ञापन में महिलाओं की सुरक्षा, मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा तथा प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की भी मांग की गई है। उनका कहना था कि कई स्थानों पर मंदिर मार्ग के आसपास मदिरा एवं मांस की दुकानें होने से महिलाओं व श्रद्धालुओं को असुविधा होती है। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि श्रावण माह में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बना रहे।ज्ञापन देने वालों में जिला सह सेवा प्रमुख विनय मिश्रा, प्रचार-प्रसार प्रमुख सुमित्रा प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत, प्रखंड संयोजक श्रीकांत, राघवेंद्र त्रिपाठी, अमरीश वर्मा, विनोद सिंह, पवन, विमलेश पांडे, शिवम मौर्य, विजय मौर्य, करन वर्मा, सुनील गौतम समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
























