रिपोर्ट/विवेक शुक्ला।

रामनगर बाराबंकी। कस्बा गणेशपुर स्थित जैन मंदिर में आयोजित आठ दिवसीय श्रीइन्द्रध्वज महामंडल विधान पूजा का समापन बुधवार को भगवान महावीर स्वामी की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। आयोजक श्रवण कुमार जैन के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा जैन मंदिर से शुरू होकर रैली बाजार, मीतपुर झाला, लकड़ी मंडी और फिरोजपुर होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची।फूलों से सजे रथ पर विराजमान भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा, पालकी यात्रा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और हाथी की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान महावीर स्वामी का स्वागत किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। शोभायात्रा के दौरान उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे।इस अवसर पर प्रवीण अवस्थी, चंद्र प्रकाश मिश्र, भोला रावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन में श्रवण कुमार जैन, मधु जैन, धर्मेंद्र जैन, चंद्र कुमार जैन, अंकुर जैन, विवेक जैन, रवि जैन, नवीन जैन समेत जैन समाज के सैकड़ों महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
























