MS Earth Enterprises एवं Royal Health Wellness Private Limited के नाम पर एक बड़े फर्जी मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। इस गिरोह द्वारा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के बेरोजगार युवाओं को फोन कर वाराणसी बुलाया जाता था और ₹25,000 प्रतिमाह नौकरी का लालच दिया जाता था।
इंटरव्यू के नाम पर युवाओं से ₹30,000 से ₹35,000 तक की ज्वाइनिंग/रजिस्ट्रेशन फीस वसूली जाती थी, बदले में मात्र ₹1,000–₹2,000 की सामान्य किट (कपड़े, तेल, साबुन आदि) दी जाती थी। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें 3 नए लोगों को जोड़ने के लिए मजबूर किया जाता था। ऐसा न करने पर वेतन रोकने और पैसा वापस न करने की धमकी दी जाती थी।
मुख्य आरोपी राहुल राजभर के यूनियन बैंक खाते में करीब ₹34 करोड़ के लेन-देन का खुलासा हुआ है। आशंका है कि यदि पूरे गिरोह की जांच की जाए तो यह रकम ₹500 से ₹1000 करोड़ तक पहुंच सकती है।
हमारे संगठन द्वारा अब तक लगभग 30 बार इस फर्जी नेटवर्क से कई गरीब युवाओं का पैसा वापस दिलाया जा चुका है, फिर भी कई बहनों और युवाओं की मेहनत की कमाई अभी भी फंसी हुई है। पीड़ित लगातार संपर्क में हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अनुपम सिंह जी से निवेदन है कि इस गिरोह के सभी सदस्यों को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए और पीड़ितों की जमा पूंजी वापस दिलाई जाए। साथ ही आरोपियों की चल-अचल संपत्ति की जांच भी की जाए।
यह केवल एक घोटाला नहीं, बल्कि हजारों गरीब परिवारों के भविष्य से खिलवाड़ है।