रिपोर्ट/संदीप शुक्ला

महादेवा बाराबंकी। सुप्रसिद्ध पौराणिक तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेव में 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मेले की तैयारियों का बुधवार शाम जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को 20 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।डीएम ने बैरिकेडिंग, व्यू कटर, टीन शेड, रैन बसेरा, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, शौचालयों की साफ-सफाई, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा मेला परिसर की स्वच्छता का जायजा लिया। मंदिर परिसर और मेले के पीछे के क्षेत्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन के प्रत्येक सोमवार को लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं, इसलिए सभी विभाग समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करें। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के बाद महादेवा पुलिस चौकी पर अधिकारियों के साथ बैठक कर डीएम व एसपी ने मेला प्रबंधन की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।इससे पूर्व लोधेश्वर महादेव मंदिर के गर्भगृह में पं. अनिल शास्त्री व बबलू शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक एवं पूजन कराया। डीएम ने श्रावण मेले के सकुशल संचालन एवं जनकल्याण की कामना की।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, अपर मुख्य अधिकारी आशुतोष कुमार, तहसीलदार विपुल सिंह, खंड विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह, सहायक खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सोनी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजर्षि त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह, जिला पंचायत के अनिल सिंह, मठ रिसीवर हरि प्रसाद द्विवेदी, चौकी प्रभारी रजनीश कुमार पांडे, ग्राम प्रधान अजय कुमार तिवारी ‘राजन’ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सावन में चार सोमवार पर उमड़ेगी आस्था
इस वर्ष श्रावण मेले में चार सोमवार पड़ेंगे। पहला सोमवार 3 अगस्त, दूसरा 10 अगस्त, तीसरा 17 अगस्त और चौथा 24 अगस्त को होगा। इन दिनों लोधेश्वर महादेव में जलाभिषेक के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की विशेष तैयारी शुरू कर दी है।























