रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
रामसनेहीघाट (बाराबंकी):- बनीकोडर विकास खंड के ग्राम छंदवल स्थित बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल में शनिवार को बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ से आए एमबीबीएस, एमडी (बाल रोग विशेषज्ञ) डॉ. गौरव सिंह ने लगभग 125 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान कई बच्चों में खून की कमी (एनीमिया) पाई गई, जबकि कुछ बच्चों में सर्दी, खांसी एवं बुखार के लक्षण भी मिले। चिकित्सक द्वारा सभी जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक दवाएं वितरित की गईं और उनके अभिभावकों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श दिया गया।
संस्थान के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने, नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा संतुलित एवं पौष्टिक भोजन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों का अच्छा स्वास्थ्य ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
इस अवसर पर शिक्षिकाएं शारदा रावत, प्रिया मौर्य, सरिता यादव, पलक कन्नौजिया, श्रद्धा गुप्ता, अर्चना, छाया देवी, इलावती, शिक्षक सुनील कुमार तथा स्टाफ सदस्य सरोज, सरस्वती, जियालाल और अभिषेक सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

























